रामायण विवि में योग करते विद्यार्थी व अन्य।
अयोध्या। महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय में आयोजित नेशनल योग कंपटीशन का रविवार को भव्य समापन हो गया। दो दिवसीय इस राष्ट्रीय आयोजन में देशभर से आए प्रतिभागियों ने विभिन्न योग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन दिवस की शुरुआत सुबह 05.00 बजे सामूहिक सूर्य नमस्कार से हुई, जिसमें करीब 500 प्रतिभागियों और योग प्रेमियों ने एक साथ भाग लिया। रामलला की पावन धरती पर सामूहिक योगाभ्यास के दौरान उपस्थित लोगों ने सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. भानु प्रताप सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे, जबकि महर्षि स्कूल ऑफ वैदिक साइंस की एडवाइजर डॉ. अदिति श्रीवास्तव ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति अजय प्रकाश श्रीवास्तव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी। प्रतियोगिता के दौरान आर्टिस्टिक योगा, मिस योगा, योगासन, रिदमिक योगा और टीम इवेंट सहित कई स्पर्धाएं आयोजित की गईं।