अयोध्या। पीएम पोषण योजना के तहत बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत जिले के 4711 रसोइयों के लिए रविवार को सर्किट हाउस में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिले के 1918 विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों को बढ़े मानदेय, यूनिफॉर्म भत्ते और कैशलेस चिकित्सा सुविधा की जानकारी दी गई।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह और महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने रसोइयों को चेक और कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड वितरित किए। इसके अलावा भारतीय स्टेट बैंक के साथ हुए एमओयू के तहत दुर्घटना या अप्रिय घटना की स्थिति में दो लाख रुपये की तत्काल सहायता और प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा का प्रावधान किया गया है।
समारोह के दौरान सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लाइव प्रसारण भी देखा गया। महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि रसोइये बच्चों को प्रतिदिन गर्म, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने कहा कि बच्चों को पौष्टिक भोजन मिलने से उनका स्वास्थ्य बेहतर होगा और पढ़ाई में भी मन लगेगा। उन्होंने रसोइयों के कार्य को मां की तरह बच्चों की देखभाल करने वाला महत्वपूर्ण दायित्व बताया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लाल चंद्र, अंकुर सिंह, आदर्श सिंह समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं और रसोइयें मौजूद रहे।
रुदौली व मवई की 955 रसोइयों को लाभ
रुदौली। पीएम पोषण योजना के तहत रुदौली और मवई ब्लॉक के 955 रसोइयों को बढ़े मानदेय, कैशलेस चिकित्सा सुविधा और दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा मिलेगा। रविवार को आयोजित कार्यक्रम मे विधायक रामचंद्र यादव पांच रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड और पांच को बढ़े मानदेय के प्रतीकात्मक चेक दिया। इस अवसर पर बीईओ रमाकांत राम, नीलमणि त्रिपाठी, संजय सिंह व महेंद्र प्रताप मौर्य उपस्थित रहे। संवाद
756 रसोइयों का हुआ सम्मान
तारुन। ब्लॉक सभागार में तारुन और बीकापुर ब्लॉक में गोसाईगंज विधायक अभय सिंह ने रसोइयों को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र और प्रतीकात्मक चेक देकर सम्मानित किया। तारुन में 393 और बीकापुर में 363 रसोइये कार्यरत हैं। संवाद
कैशलेस सुविधा से जुडेगीं रसोइया
पूराबाजार। सदर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि बच्चों को समय से पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। समारोह में रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा से भी जोड़ा गया। संवाद