अयोध्या। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शहीद भगत सिंह स्मृति ट्रस्ट की ओर से 42 नारी शक्तियों को स्वयं सिद्धा नारी सम्मान 2025 से सम्मानित किया गया। हमारे समय की चुनौतियां और स्त्री विमर्श विषय पर गोष्ठी आयोजित हुई। इसमें महिलाओं के संघर्ष, उनकी उपलब्धियों और अधिकारों पर चर्चा हुई।
मुख्य अतिथि अंग्रेजी व हिंदी कविताओं की लेखिका पूनम सूद चावला ने कहा कि आज हम सभी यहां एक बहुत ही खास अवसर पर एकत्रित हुए हैं। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सिर्फ एक उत्सव नहीं बल्कि महिलाओं के सम्मान, समानता और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने का एक संकल्प भी है। डॉ. पूनम यादव ने कहा कि हर साल आठ मार्च को दुनिया भर में महिला दिवस मनाया जाता है। यह दिन हमें याद दिलाता है कि महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपनी लगन और प्रतिभा से सफलता हासिल की है।
मालती तिवारी ने कहा कि चाहे विज्ञान, राजनीति, खेल, कला व व्यवसाय का क्षेत्र हो, महिलाओं ने अपनी क्षमता साबित की है। ट्रस्ट की सचिव साधना सिंह ने कहा कि आज महिलाएं अंतरिक्ष तक पहुंच चुकी हैं। सेनाओं में अपनी शक्ति दिखा रही हैं। बड़े-बड़े बिजनेस चला रही हैं। सामाजिक बदलाव की अग्रदूत बनी हुई हैं। दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रखी है। डॉ. विनीता कुशवाहा ने कहा कि आज भी कई जगहों पर महिलाएं असमानता, भेदभाव और अन्याय का सामना कर रही हैं। उन्हें शिक्षा, रोजगार और सुरक्षा में समान अधिकार लेने के लिए लड़ाई लड़नी पड़ रही है। महिलाओं को सरकार उनके सम्मान व अधिकार प्रदान करे।
डॉ. नीरज सिन्हा नीर ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए हमें उन्हें प्रोत्साहित करना होगा। उनके अधिकारों की रक्षा करनी होगी। एक ऐसा समाज बनाना होगा, जहां वे निर्भीक होकर अपने सपने को पूरा कर सकें। ट्रस्ट के चेयरमैन सत्यभान सिंह जनवादी ने कहा कि महिला दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं बल्कि हमें हर दिन महिलाओं का सम्मान करना होगा और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना होगा। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. विशाल श्रीवास्तव मौजूद रहे। संचालन मुजम्मिल फिदा ने किया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में ट्रस्ट की ओर से पूनम सूद, डॉ. विनीता कुशवाहा, मांडवी सिंह, उष्मा वर्मा, डॉ. कल्पना कुशवाहा, डॉ. पूनम यादव, सीमा, डॉ. बुशरा खातून, रंजना शुक्ला, पूनम श्रीवास्तव, तमन्ना तरन्नुम, पल्लवी वर्मा, पूनम कुमारी, ममता सिंह, प्रेरणा, मालती तिवारी, नीतू द्विवेदी, मीरा मिश्रा, सरिता गुप्ता, शिवांगी शर्मा, रीना शर्मा, अपर्णा जायसवाल, खुशबू सिंह, शैल कुमारी, नूरजहां फिदा, रेशमा बानो, शिखा श्रीवास्तव, कंचन सिंह, ओमवती, रजनी सिंह, यशोदा सिंह, शशि रावत, डॉ. संतोष गर्ग, नीलम मध्यान, संवारी देवी, शोभा अक्षर, स्नेहलता निषाद, मनोरमा साहू, प्रसूनलता सिंह, सोनम श्रीवास्तव, रागिनी वर्मा, सोनी श्रीवास्तव सहित 42 नारी शक्तियों को स्वयं सिद्धा नारी सम्मान 2025 देकर सम्मानित किया गया।