अयोध्या। राज्य ललित कला अकादमी के संयोजन में ग्रीष्मकालीन चित्रकला प्रशिक्षण कार्यशाला सागर कला भवन अयोध्या में चल रही है। इसके अंतर्गत रविवार को गुलाबबाड़ी अयोध्या में आउटडोर पेंटिंग वर्कशॉप में कई जिलों से 40 कला साधकों ने अपनी कला का जलवा बिखेरा।
गुलाबबाड़ी में आउटडोर पेंटिंग वर्कशॉप एवं योगा अभ्यास का शुभारंभ अतिथियों ने कैनवास पर चित्र उकेर कर किया। कार्यशाला संयोजक एसबी सागर प्रजापति ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यशाला में प्रशिक्षक के रूप में चित्रकार कृपा शंकर गुप्ता एवं मूर्तिकार प्रवीण कुमार तथा योगा प्रशिक्षक लक्ष्मी प्रसाद प्रजापति ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गुलाबबाड़ी के विविध दृश्यों को कलात्मक रूप से अपने रंगों और ब्रश से कैनवास पर उकेर कर कलाकारों ने प्रतिभा दिखाई। कार्यशाला संयोजक एसबी सागर प्रजापति ने बताया कि कार्यशाला में विविध कला विशेषज्ञ छात्र-छात्राओं को कलात्मक अभिरुचि के अनुसार सागर कला भवन अयोध्या में प्रशिक्षण दे रहे हैं। समापन समारोह में 20 जून को हस्त निर्मित कलाकृतियों की प्रदर्शनी सागर कला भवन अयोध्या में लगाई जाएगी।
सभी प्रतिभागियों को राज्य ललित कला अकादमी संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से प्रशिक्षण का प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर श्री लक्ष्मी चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष आशीष , शैलेश शर्मा, राज्य पुरस्कृत शिक्षक सुनील आनंद, चित्रकार गया प्रसाद आनंद, अंबरीष चंद्र पांडेय, अंशिका सिंह, प्रतिभा यादव, अपना स्कूल के संस्थापक रणजीत यादव खाकी वाले गुरुजी, शोभनाथ वर्मा आदि मौजूद रहे।