अयोध्या। रामनगर कॉलोनी स्थित संत सतराम दास दरबार में हिंद सिंध के सिंधी संतों का 39वां जन्मोत्सव मंगलवार को हवन के साथ शुरू हुआ। चार दिवसीय उत्सव 13 से 16 अक्तूबर तक मनाया जाएगा। पीठाधीश्वर साई नितिन राम ने हवन, माल्यार्पण और आरती कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
साई नितिन राम ने कहा कि संतों ने देश-दुनिया को मानवता और एकता का संदेश दिया तथा सच्चाई के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। प्रवक्ता ओमी ने बताया कि उत्सव में संत सतराम दास साहिब, अमर शहीद संत कंवरराम साहिब, बाबा रूढ़ा राम साहिब, बाबा जगतराम साहिब और साई वासदेव राम साहिब का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान महिला संगीत, शोभायात्रा, संतों के प्रवचन, सिंधी गायकों की ओर से गीतों व कलामों की प्रस्तुति और बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
सिंधी गायन प्रतियोगिता में 50 से अधिक ने लिया हिस्सा
रामनगर। रामनगर कॉलोनी स्थित शिवालय परिवार में सिंधी गायन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें 50 से अधिक बच्चों और महिलाओं ने सिंधी गीतों व भजनों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम महंत गणेश दास के सानिध्य में हुआ। संचालन सिंधी समाज के प्रवक्ता ओमप्रकाश ओमी ने किया।
प्रतियोगिता में पांच से 15 वर्ष और 16 से 60 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए दो समूह बनाए गए थे। भाविका जसवानी, जया खत्री और प्रिया वलेशाह सहित 50 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। निर्णायक मंडल में रेशमा अंदानी, कोमल लखमानी और काव्या मध्यान शामिल रहीं।