अयोध्या। लोक निर्माण विभाग शासन से आवंटित 326 करोड़ की धनराशि नहीं खर्च पाया। इन पैसों को सरेंडर कर दिया गया है। अब नए प्रस्ताव बनाकर भेजे जा रहे हैं, ताकि धन स्वीकृत हो सके और धन के अभाव में रुके विकास कार्यों को गति दी जा सके।
लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड की ओर से 4.28 करोड़ नहीं खर्च किए जा सके। इसमें राज्य योजना के तहत सड़कों का निर्माण किया जाना था। इसी तरह लोक निर्माण विभाग खंड तीन भी 118 करोड़ नहीं खर्च कर सका। लोक निर्माण विभाग खंड चार 88़ 28 करोड़ रुपये नहीं खर्च कर सका, इन पैसों को सरेंडर कर दिया गया है। धर्मार्थ कार्य योजना के तहत 14 कोसी व पंच कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण का काम चल रहा है। 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण के लिए आए 116 करोड़ रुपये खर्च नहीं हो सके। वहीं पंच कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण के लिए स्वीकृत 76 करोड़ रुपये सरेंडर किए गए हैं। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि महाकुंभ मेले के दौरान मालवाहक वाहनों के न आने से योजनाओं को क्रियान्वित करने में देरी हुई।
खंड तीन के अधिशाषी अभियंता सत्यपाल सिंह का कहना है कि महाकुंभ मेले के दौरान निर्माण सामग्री नहीं पहुंच पा रही थी, जिससे परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण का काम प्रभावित हुआ है। इस बीच वित्तीय वर्ष भी समाप्त हो गया है। जो धन खर्च नहीं हो पाए थे उन्हें सरेंडर कर दिया गया है। नए सिरे से प्रस्ताव बनाकर भेजा जा रहा है ताकि धन स्वीकृति हो सके और विकास योजनाओं को तेज किया जा सके।