24 -जीआईसी से सहायक अध्यापक की परीक्षा देकर बाहर निकलते अभ्यर्थी - संवाद
अयोध्या। एलटी ग्रेड सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा रविवार को दो पालियों में शांतिपूर्ण तरीके से हुई। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9 से 11 बजे तक और द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर तीन से पांच बजे तक 18 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
प्रथम पाली में कुल 7872 अभ्यर्थी परीक्षा के लिए पंजीकृत थे, जिनमें से 5347 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 2525 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं, द्वितीय पाली में 7735 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें 5294 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 2441 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों में 69 प्रतिशत उपस्थित और 31 प्रतिशत अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। परीक्षा में शामिल अधिकांश अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को ठीक बताया। अभ्यर्थियों के अनुसार कुछ विषयों में प्रश्न कठिन थे, लेकिन कुल मिलाकर पेपर का स्तर सामान्य से थोड़ा ऊपर रहा। डीआईओएस डॉ. पवन तिवारी ने बताया कि परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र से नकल या अव्यवस्था की कोई शिकायत नहीं मिली।
इतिहास के प्रश्न कठिन लेकिन भूगोल के सरल थे
बाराबंकी की ज्योति सरोज ने बताया कि मेरा इतिहास और राजनीति विज्ञान विषय का पेपर दिया। पेपर बहुत अच्छा आया था। राजनीति विज्ञान का पेपर बहुत अच्छा रहा जो तैयारी किए थे, वही आया था। कुछ भी बाहर से नहीं आया था। गोंडा की श्रद्धा तिवारी ने बताया कि प्रश्नपत्र में इतिहास के 60, भूगोल के 60 और 30 प्रश्न सामान्य ज्ञान से आए थे। इतिहास के कुछ प्रश्न कठिन थे, लेकिन भूगोल और सामान्य ज्ञान के प्रश्न सरल आए थे, मेरा विषय इतिहास और भूगोल था। बाराबंकी की तश्मीन असलम ने बताया कि एलटी ग्रेड की तैयारी लंबे समय से चल रही थी। जीव विज्ञान का पेपर पूरी तरह सिलेबस के अनुसार था। कुछ प्रश्न कठिन रहे, जिससे समय प्रबंधन में थोड़ी परेशानी हुई, लेकिन कुल मिलाकर पेपर ठीक रहा। सुल्तानपुर की सुनीता ने बताया मेरा विषय इतिहास और राजनीति विज्ञान है। प्रश्न पत्र सामान्य स्तर का था, हालांकि इतिहास के कुछ प्रश्न कठिन जरूर लगे। लगभग 103 प्रश्न हल किए और जीके-जीएस से जुड़े प्रश्न ठीक स्तर के रहे।