अयोध्या। जिले में शुक्रवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के लिए 28 केंद्रों पर 25,104 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक चलेगी। इसके बाद एक नवंबर को भी परीक्षा कराई जाएगी।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित परीक्षा के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। डीआईओएस डॉ. पवन तिवारी ने बताया कि दोनों तिथियों में कुल 50 हजार अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक पाली में 12,552 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। केंद्रों पर निगरानी के लिए सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। परीक्षार्थियों के लिए परिवहन निगम की 156 बसें संचालित रहेंगी। रेलवे स्टेशन पर भी भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।
अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड या अन्य मान्य फोटो पहचान पत्र लाना होगा। उन्हें निर्धारित समय से एक घंटा पहले केंद्र पहुंचना होगा। मोबाइल, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, ईयरफोन समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में प्रतिबंधित रहेंगे। (संवाद)