अयोध्या। राम की पैड़ी पर कार्यदायी संस्था यूपी प्रोजेक्ट्स काॅरपोरेशन की ओर से 23.72 करोड़ रुपये खर्च कर लाइट एंड साउंड शो की शुरुआत की गई। अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रोजाना शाम 6.30 से 7.10 बजे तक इसके संचालन का समय तय किया गया था। इसका न तो नियमित संचालन किया जा रहा है और न ही गुणवत्ता बेहतर है।
इस बारे में महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव संस्कृति व पर्यटन अमृत अभिजात को पत्र लिखकर हस्तक्षेप करने की अपेक्षा की है। अपने पत्र में उन्होंने कहा है कि राम की पैड़ी पर श्रद्धालुओं को आकर्षित करने का अन्य कोई साधन नहीं है। इसके चलते राम की पैड़ी के प्रति आकर्षण कम हो रहा है। ऐसे में राम की पैड़ी पर श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आई है।
महापौर के अनुसार इस समय राम की पैड़ी का जीर्णोद्धार श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद की ओर से कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल की ओर से कराया जा रहा है। ऐसे में अयोध्या धाम में पर्यटन के विकास और बढ़ावा देने के उद्देश्य से लाइट एंड साउंड शो का भव्यता के साथ गुणवत्तापूर्ण संचालन करने से श्रद्धालु और पर्यटक आकर्षित होंगे। इस शो का नियमित संचालन अयोध्या की स्वच्छ, सुंदर और पौराणिक छवि को प्रसारित करने में भी मददगार होगा।