अयोध्या। अपराध करके चंपत हुए आरोपियों पर अब नकेल कसी जा रही है। जिले में ऐसे 22 अपराधियों को चिह्नित करके इनामिया घोषित किया गया है। वहीं, हाल ही में छह इनामिया अपराधियों को दबोचने में पुलिस को सफलता मिली है।
जिले में कुछ दिनों से अपराध में इजाफा हुआ है। जमीन विवाद से लेकर अलग-अलग मामलों में कई हत्याएं, जानलेवा हमले व मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। इनमें अधिकांश मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करके आरोपियों को गिरफ्तार किया, लेकिन कुछ मामलों में आरोपी लंबे समय से लापता हैं।
इनकी सूची तैयार की गई तो संख्या लगभग 28 निकली। इनमें कुछ अपराधियों पर इनाम की धनराशि बढ़ाई गई। कुछ पर 10 से 50 हजार तक इनाम रखा गया। इस अवधि में छह अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, लेकिन 22 अपराधी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
इन थाना क्षेत्र में हैं इनामिया अपराधी
-पूराकलंदर क्षेत्र में सर्वाधिक पांच अपराधियों पर इनाम रखा गया है। इसके अलावा रौनाही और इनायत नगर क्षेत्र के चार-चार, महाराजगंज के तीन, बीकापुर और नगर कोतवाली क्षेत्र के दो-दो, अयोध्या कोतवाली और राम जन्मभूमि क्षेत्र के एक-एक अपराधी इनामिया घोषित हुए हैं।
इनकी हो चुकी गिरफ्तारी
महाराजगंज पुलिस ने लखीमपुर खीरी के नया पुरवा निवासी सर्वेश, रौनाही पुलिस ने जगनपुर निवासी हसन और अब्दुल्ला, कुंदुर्खा खुर्द निवासी नीरज सिंह और लखनऊ के उदयगंज निवासी आसिफ कुरैशी, पूराकलंदर पुलिस ने सरियावां निवासी अंकुर सिंह को गिरफ्तार किया है। इन पर 10-10 हजार रुपये इनाम रखा गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि इनामिया अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। जिले में अराजक तत्वों पर नजर रखी जा रही है। किसी भी अराजक गतिविधि में शामिल होने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील है कि संदिग्धों की जानकारी स्थानीय पुलिस को दें। उनका नाम गोपनीय रखा जाएगा।