खजुरहट। बीकापुर क्षेत्र में एक ट्रक से करीब साढ़े 21 टन लोहे की सरिया गायब हो गई है। ट्रक चालक भी लापता है और उसका मोबाइल बंद आ रहा है। वाहन मालिक आशुतोष बरनवाल निवासी बैतीपुर, थाना लंभुआ, सुल्तानपुर ने बुधवार देर शाम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। वाहन मालिक ने बताया कि सात सितंबर की रात करीब आठ बजे माल लेकर रवाना हुआ था।
अगले दिन आठ सितंबर को चालक ने टायर खराब होने की जानकारी दी थी। इसके बाद चालक से संपर्क नहीं हो सका। ट्रक की जीपीएस लोकेशन बीकापुर क्षेत्र में मिली। मौके पर पहुंचे तो ट्रक खड़ा मिला। सरिया व चालक का कोई पता नहीं चला। वाहन मालिक ने पुलिस को एक वीडियो दी है जिसमें हाईवे पर हाइड्रा की मदद से ट्रक से सरिया दूसरे वाहनों में लोड करते लोग दिख रहे हैं। हल्का प्रभारी विनय सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। (संवाद)