अयोध्या। विकास प्राधिकरण की रिधौरा आवासीय योजना में पहले चरण के तहत करीब 2000 प्लॉट लॉन्च किए जाएंगे। इनमें लगभग 1600 आवासीय भूखंड होंगे, जबकि शेष व्यावसायिक उपयोग के लिए विकसित किए जाएंगे। पहले चरण में 30 हेक्टेयर जमीन पर भूखंड विकसित करने की योजना है। इसके लिए प्राधिकरण रेरा पंजीकरण की तैयारी कर रहा है। पंजीकरण होते ही प्लॉटों की बिक्री का रास्ता साफ हो जाएगा।
करीब 104 हेक्टेयर में विकसित हो रही इस योजना में 30 से 288 वर्गमीटर तक के आवासीय भूखंड प्रस्तावित हैं। अलग-अलग आकार के प्लॉट होने से लोगों को अपनी जरूरत के अनुसार विकल्प मिल सकेंगे। योजना में व्यावसायिक भूखंड भी विकसित किए जाएंगे। पहले चरण का क्षेत्रफल प्राधिकरण की अब तक की सबसे बड़ी आवासीय योजना वशिष्ठ कुंज के बराबर होगा।
प्राधिकरण ने रेरा पंजीकरण से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। नवंबर के पहले सप्ताह तक इसके लिए आवेदन करने की तैयारी है। पंजीकरण मिलने के बाद प्लॉट लॉन्च किए जाएंगे। फरवरी 2027 तक इनकी बिक्री शुरू होने की उम्मीद है।