अयोध्या। जिले के क्रय केंद्रों पर सोमवार से धान खरीद शुरू हो गई। पहले दिन सन्नाटा रहा। मंगलवार को हैरिंग्टनगंज और चिखड़ी क्रय केंद्रों पर मात्र 20 क्विंटल धान की खरीद हुई।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी धनंजय सिंह ने क्षेत्रीय विपणन अधिकारी के साथ हैरिंग्टनगंज केंद्र का निरीक्षण किया। सुबह 11:25 बजे हुए निरीक्षण में केंद्र प्रभारी मौजूद मिले। किसानों के बैठने, छाया और पेयजल की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। केंद्र पर हैंडलिंग ठेकेदार ने अनुबंध कर लिया है, जबकि परिवहन ठेकेदार के अनुबंध नहीं करने पर नोटिस जारी किया गया है। दो दिन में अनुपालन न होने पर ठेका निरस्त करने की कार्रवाई की संस्तुति भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
पिछले खरीफ विपणन सत्र 2025-26 में जिले के 15,090 किसानों से 67,962.751 मीट्रिक टन धान खरीदा गया था। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने किसानों से धान सुखाकर और साफ करके लाने, फार्मर आईडी व पंजीकरण पूरा रखने, बैंक खाते को आधार से लिंक और एनपीसीआई मैप्ड कराने की अपील की है। संवाद