रामकथा संग्रहालय का नवनिर्मित मॉडल।
अयोध्या। रामकथा संग्रहालय के आधुनिकीकरण पर बिजली व्यवस्था के लिए करीब 20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परिसर की बढ़ती विद्युत जरूरत को देखते हुए 1600 केवीए क्षमता का पावर स्टेशन स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही 20 गैलरियों समेत प्रदर्शनी स्थलों और अन्य हिस्सों में आधुनिक विद्युत व्यवस्था विकसित की जाएगी।
फेज-3 में गैलरियों के डिस्प्ले, डिजिटल स्क्रीन, ऑडियो-विजुअल सिस्टम और प्रकाश व्यवस्था के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति की तैयारी है। पावर स्टेशन के जरिये अलग-अलग हिस्सों में लोड का वितरण किया जाएगा। संवेदनशील इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को देखते हुए विद्युत सुरक्षा और बैकअप व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।
हालांकि कार्यदायी संस्थाओं को अग्रिम भुगतान नहीं मिलने से फेज-3 के कई काम धीमे पड़ गए हैं। इसका असर गैलरियों की विद्युत व्यवस्था पर भी पड़ा है। केबलिंग, पैनल, वितरण व्यवस्था और तकनीकी इंस्टॉलेशन के काम सिविल व इंटीरियर कार्यों की प्रगति से जुड़े हैं। भुगतान में देरी से इनकी समयसीमा भी प्रभावित हो रही है।