फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: 20 लाख श्रद्धालुओं ने की चौदहकोसी परिक्रमा

Wed, 18 Nov 2026 11:37 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
चौदह कोसी परिक्रमा में शामिल जत्था।
विज्ञापन
अयोध्या। रामनगरी की 42 किलोमीटर लंबी परिधि बुधवार को भक्ति की एक ऐसी अविराम यात्रा की साक्षी बनी, जिसमें न कोई थकान का हिसाब था और न मंजिल तक पहुंचने की जल्दी। हर कदम राम के नाम और हर सांस में सियाराम की गूंज। अक्षय नवमी पर शुरू हुई चौदहकोसी परिक्रमा में आस्था का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि पूरी रामनगरी श्रद्धालुओं की पदचाप से गुंजायमान हो उठी। प्रशासनिक आंकड़े के मुताबिक 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने चौदहकोसी परिक्रमा की।
विज्ञापन

बुधवार की सुबह 1:21 बजे बजे परिक्रमा का निर्धारित मुहूर्त था, लेकिन रामनाम की लगन ऐसी कि श्रद्धालुओं ने शुभ घड़ी की प्रतीक्षा किए बिना ही परिक्रमा शुरू कर दी। देखते ही देखते परिक्रमा की परिधि मानव शृंखला में बदल गई। रात गहराती गई और परिक्रमा पथ पर श्रद्धालुओं की कतारें लंबी होती गईं। रात के सन्नाटे को रामधुन ने तोड़ा तो सुबह की पहली किरण के साथ जय श्रीराम का उद्घोष पूरी रामनगरी में गूंजने लगा। कोई परिवार के साथ परिक्रमा कर रहा था तो कोई अकेले ही रामनाम का सहारा लेकर आगे बढ़ रहा था। 24 घंटे से अधिक समय तक परिक्रमा का सिलसिला चलता रहा।


सरयू की लहरों के साथ बहती रही आस्था

चौदह कोसी परिक्रमा के समानांतर सरयू तट स्थित घाटों पर रात करीब दो बजे से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। सुबह होते-होते सरयू के घाटों पर जनसमूह उमड़ पड़ा। कोई पुण्य की डुबकी लगाकर परिक्रमा के लिए निकल रहा था तो कोई 42 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर मां सरयू की गोद में स्नान कर अपनी थकान मिटा रहा था। पूरे दिन सरयू के घाटों पर स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।
विज्ञापन

हनुमानगढ़ी में लगी 500 मीटर लंबी कतार
परिक्रमा के बाद श्रद्धालुओं के कदम मंदिरों की ओर मुड़ गए। हनुमानगढ़ी में बजरंगबली के दर्शन, कनक भवन में युगल सरकार की झांकी और नागेश्वरनाथ में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। वहीं, रामलला के दरबार में भी भीड़ रही। पिछले दो दिनों में तीन लाख से अधिक श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर चुके हैं। हनुमंतलला के दर्शन की भी होड़ रही, 500 मीटर लंबी कतार लगी रही।

एडीजी जोन समेत आला अधिकारी रहे मुस्तैद

मेला क्षेत्र में सुरक्षा और व्यवस्थाओं की कमान प्रशासन के हाथों में रही। एटीएस ने मोर्चा संभाल रखा था। ड्रोन कैमरों से निगरानी हो रही थी। एडीजी जोन प्रवीण कुमार, मंडलायुक्त राजेश कुमार, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, डीआईजी सोमेन बर्मा, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी लगातार मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।
विज्ञापन

चौदह कोसी परिक्रमा में शामिल जत्था।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें