बीकापुर। ब्लॉक परिसर मसौधा में बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इसमें 185 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इनमें 180 जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया, जबकि पांच मुस्लिम जोड़ों का निकाह हुआ।
आयोजन में बीकापुर, मसौधा और सोहावल ब्लॉक से 50-50 जोड़े शामिल हुए। नगर पंचायत बीकापुर और खिरौनी से 12-12, जबकि भदरसा भरतकुंड से 11 जोड़ों ने भी वैवाहिक जीवन की शुरुआत की।
मुख्य अतिथि विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने उन्हें जेवर, बर्तन और गृहस्थी का सामान उपहार में भेंट किया। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों को बेटियों की शादी में आर्थिक सहायता देती है। योजना के तहत सहायता राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी गई है। इसमें कन्या के खाते में सीधे धनराशि भेजने के साथ उपहार और अन्य खर्च शामिल हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा पांडेय, डीसी मनरेगा उपेंद्र पाठक, जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश मिश्रा, प्रधान संघ के बीकापुर ब्लॉक अध्यक्ष विशाल सिंह, निजामुद्दीन, बीडीओ और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।