अयोध्या। अग्निवीर भर्ती रैली में तीन जिलों के 1300 युवाओें ने विभिन्न जटिल प्रक्रियाओं से गुजरते हुए परीक्षा दी। कामयाब रहे अभ्यर्थी मेडिकल परीक्षण के लिए चयनित हुए। बृहस्पतिवार को कुशीनगर, कौशांबी, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर के युवा अग्निवीर बनने के लिए अपनी किस्मत आजमाएंगे।
बुधवार को डोगरा रेजिमेंटल सेंटर में अग्निवीर भर्ती रैली के तीसरे दिन अंबेडकर नगर, बस्ती और महाराजगंज के 1300 युवा जनरल ड्यूटी श्रेणी के लिए सेना भर्ती रैली में शामिल हुए। एआरओ अमेठी कर्नल एसके मोर के अनुसार तड़के तीन बजे से अभ्यर्थी भर्ती ग्राउंड पर कतारबद्ध हो गए। सभी को जांच-पड़ताल के बाद ग्राउंड में प्रवेश दिया गया। युवाओं ने सबसे पहले 1600 मीटर दौड़ परीक्षा में हिस्सा लिया। 5:45 मिनट की अवधि में सफलतापूर्वक दौड़ पूरी करने वाले अभ्यर्थी अगले चक्र के लिए चयनित किए गए।
प्रथम चरण में चयनित अभ्यथियों का जिग जैग बैलेंस, नौ फीट डिच, बीम और चिनअप के माध्यम से फिजिकल टेस्ट हुआ। इसमें सफल रहे युवाओं का ऊंचाई, वजन और छाती का शारीरिक माप परीक्षण हुआ। इसके बाद चयनित युवाओं के मूल प्रमाण पत्रों की जांच करने के बाद मेडिकल टेस्ट के लिए चयन किया गया। बृहस्पतिवार को कुशीनगर, कौशांबी, संतकबीरनगर और सिद्धार्थ नगर जिले के अभ्यर्थी जनरल ड्यूटी पद के लिए ही अपनी किस्मत आजमाएंगे।