मुरादगंज। चौकी क्षेत्र के गांव रतनीपुर में सोमवार रात एक युवक की जहरीला पदार्थ खाने से हालत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
रतनीपुर निवासी शीलू राज दोहरे (25) को परिजनों ने सोमवार रात गंभीर हालत में सीएचसी अजीतमल लेकर पहुंचे। यहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला संदिग्ध जान अस्पताल कर्मियों ने पुलिस बुलाई। मृतक की मां ने पुलिस को बताया कि बेटा शराब का लती है। विरोध करने पर वह आए दिन झगड़ा करता था।
विज्ञापन
दो दिन पहले शीलू की पत्नी अंजली बेटी को लेकर अपने मायके बमुरीपुर चली गई। वह आए दिन घर पर होने वाली कलह से परेशान थी। बताया कि सोमवार देर रात बेटा घर लौटा था। आने के बाद वह बिस्तर पर लेट गया। वह उसे नशे की हालत में समझती रही। जब ज्यादा हालत बिगड़ी तो उसने पड़ोसियों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचा। चौकी इंचार्ज सुरेंद्र कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया है। घटना के पीछे गृह कलह की बात सामने आई है।
25 जून को छोटे भाई ने भी निगल लिया था जहरीला पदार्थ
शीलू के छोटे भाई ने 25 जून को जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली थी। एक माह बाद शीलू ने भी यह कदम उठा लिया। ग्रामीणों के मुताबिक घर की कलह दोनों की मौत का कारण बनी है।