संवाद न्यूज एजेंसी
बेला। थाना क्षेत्र के जलालपुर के पास से निकली निचली गंग नहर में शनिवार दोपहर दोस्तों के साथ नहाने गया एक युवक डूब गया। साथी को डूबता देख अन्य साथी उसे नहर के पानी में खोजने को जुट गए, लेकिन काफी प्रयास के बाद उसका पता नहीं लगा सके। लगभग आधे घंटे बाद युवक के पानी में उतराने पर दोस्तों ने उसे बाहर निकाला। साथ ही पुलिस व परिजनों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस की मदद से युवक को सीएचसी सहार पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक दिल्ली रहता था। जो चार दिन पहले गांव जलालपुर निवासी चाचा के यहां आया था।
दिल्ली निवासी लालू तिवारी 25 पुत्र राजेंद्र तिवारी मंगलवार को वह अपने पैतृक गांव जलालपुर में चाचा विवेक तिवारी के घर घूमने आया था। शनिवार शाम को दोस्तों के साथ मस्ती करने के लिए वह गांव के पास से निकली निचली गंग नहर में नहाने चला गया। पानी में उतरते ही वह नीचे ही चला गया। फिर ऊपर नहीं आया। इस बीच अन्य दोस्त नहर में नहाने में व्यस्त हो गए। तभी उन्होंने देखा कि लालू कहीं नहीं दिख रहा है। इस पर उन्होंने लालू के डूबने की आशंका देखते हुए पानी में उसकी खोजबीन शुरू कर दी। काफी प्रयास के बाद भी वह उसकी खोजबीन नहीं कर सके। इसी बीच लगभग आधा घंटा बीत गया। तभी दोस्तों को लालू पानी में उतराता दिखाई दिया। जिस पर दोनों ने उसे बाहर निकाला साथ ही पुलिस व परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन व परिजन मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने लालू को उठाकर पुलिस की गाड़ी से सीएचसी सहार पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। लालू की मौत की खबर से पूरे परिवार में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों का इंतजार किया जा रहा है। परिजनों की ओर से कोई तहरीर दी जाएगी तो उसी अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।