बिधूना। कस्बा के बस अड्डे से तहसील तक लिफ्ट देने के नाम पर बाइक सवार दो लोगों ने युवक की जेब काट कर 2900 रुपये पार कर दिए। जानकारी होने पर पीड़ित ने कोतवाली पहुंच पुलिस को घटना की तहरीर दी।
अछल्दा कस्बा के हरीगंज बाजार निवासी विनोद कुमार ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि वह गुरुवार सुबह बिधूना तहसील जाने के लिए निकला था। दोपहर 12 बजे पर वह किशनी बस अड्डे पर खड़ा होकर तहसील जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रहा था। इस दौरान बाइक सवार दो युवक उसके पास आए।
बाइक सवारों ने उसे तहसील तक छोड़ने की बात कही। जिसपर वह बाइक पर बैठ गया। इसके बाद पीछे बैठे युवक ने उसकी जेब काटकर 2900 रुपये पार कर दिए। आरोपी उसे तहसील के पास छोड़कर भाग निकले। उतरने के बाद उसे जेब कटने का पता चला। कोतवाली अपराध निरीक्षक श्रीकेश भारती ने बताया कि मामले की तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।