औरैया। दिबियापुर निवासी एक युवक साइबर ठग के जाल में फंसते-फंसते बच गया। साइबर ठग ने मुकदमे में धाराएं बढ़वाने को लेकर 10 हजार रुपये मांगे। वहीं संदेह होने पर युवक ने थाना पहुंच पुलिस को पूरी जानकारी दी। मामला साइबर ठगी का पाया गया। वहीं युवक व ठग की बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ।
बता दें कि रविवार की शाम दिबियापुर स्थिति एक दफ्तर में अराजकतत्व घुस आए और वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ बदसलूकी करने लगा। सूचना देने पर पुलिस उसे पकड़ कर थाना ले गई। देर रात पुलिस ने सुदेश कुमार पुत्र रामबीर सिंह निवासी गुमानी का पूर्वा थाना दिबियापुर जनपद औरैया की तहरीर पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का मामला गुड्डू मिश्रा नामक युवक के विरुद्ध दर्ज कराया।
वहीं घटना को लेकर पुलिस क्षेत्राधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह द्वारा दी गई जानकारी में बताया गया कि जिस व्यक्ति द्वारा पुलिस कर्मी बनकर धाराएं बढ़वाने के लिए पैसे मांगे गए वह कोई पुलिस कर्मी नहीं है। जांच में साइबर ठग पाया गया है। इसकी गंभीरता से जांच की जा रही है। ठगी करने का प्रयास करने वाले युवक के विरुद्ध दिबियापुर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है।