संवाद न्यूज एजेंसी
बिधूना (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के गपचरियापुर में सोमवार दोपहर को ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। मामले में एक युवती ने आरोपी के खिलाफ खुद को दरोगा बताकर घर में घुसकर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने की तहरीर दी। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी का शांतिभंग में चालान किया है।
गपचरियापुर निवासी सुरेश चंद्र की बेटी प्रीति ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि सोमवार दोपहर डेढ़ बजे वह घर पर अकेली थी। तभी दरवाजे पर एक अनजान युवक आया। उसने खुद को चौधरी अजीत सिंह कन्नौज के सौरिख थाने में तैनात दरोगा बताया। आरोपी घर की तलाशी लेने की बात बोल कर अंदर घुस आया। आरोपी ने मनोज नाम के युवक के बारे में पूछते हुए मारपीट शुरू कर जान से मारने की धमकी दी। चीखने पर आए पड़ोसियों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है। कोतवाली अपराध निरीक्षक श्रीकेश भारती ने बताया कि आरोपी पुलिस वाला नहीं है। पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी का शांतिभंग में चालान किया गया है।