अजीतमल।
फूटाकुआं के पास एक क्लीनिक पर चाकू के हमले से घायल युवक का हालत गंभीर बनी हुई है। उसका सैफई में इलाज चल रहा है। परिजनों के मुताबिक घायल को सांस लेने में परेशानी हो रही है। वहीं पुलिस नामजद फरार तीन आरोपियों की तलाश में जुटी है।
सरेआम चाकुओं से हमला करने वाले मुख्य आरोपी कबीरम को पुलिस जेल भेज चुकी है। वहीं नामजद तीन आरोपी अभी फरार चल रहे है। जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। वहीं हमले में घायल युवक जिंदगी और मौत से सैफई में जंग लड़ रहा है। परिजनों ने बताया कि घायल को गुरुवार सुबह से सांस लेने में दिक्कत बढ़ी है।
उसके पेट व गर्द के पास कई चाकुओं के घाव हैं। कई डाॅक्टरों की देखरेख में इलाज किया जा रहा है। बता दें कि बुधवार सुबह 11 बजे फूटाकुआं के पास बेटियों से छेड़छाड़ का विरोध करने और बेटे के साथ मारपीट किए जाने की शिकायत करने से नाराज एक युवक ने अपने परिवार के लोगों के साथ युवक पर सरेआम चाकू से हमला कर नौ वार किए थे।
इस मामले में घायल की तहरीर पर चार के खिलाफ पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया था। कोतवाल मुकेश चौहान ने बताया कि फरार चल रहे तीन अन्य आरोपियों की तलाश के साथ घटना में उनकी संलिप्तता की जांच चल रही है।