औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के रुदौली में किसी मानसिक तनाव में युवक ने घर के कमरे में फंदा लगाकर जान देने का प्रयास किया। जानकारी होने पर परिजनों ने उसे फंदे से उतारकर 50 शैया युक्त जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने गंभीर हालत में उसे सैफई रेफर किया है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रुदौली निवासी गौरव (20) पुत्र गिरजेश पाल ने शनिवार की सुबह लगभग 11 बजे घर के कमरे में जाकर छत के कुंडे से गमछे के सहारे फंदा लगा लिया। युवक को गुस्से में कमरे के अंदर जाता देख परिजनों को कुछ आशंका हुई। जिस पर बड़ा भाई सौरभ उसे देखने के लिए कमरे की तरफ गया तो फंदे पर झूलता दिखा। भाई ने शोर मचाते हुए किसी तरह उसे फंदे से उतारा और हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल लेकर आया। हालत नाजुक होने पर प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी पंकज मिश्रा ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें नहीं है। फिर भी मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।