औरैया जिले के दिबियापुर में बैसुंधरा में पूर्व प्रधान के छोटे भाई की पत्नी का शव संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बैसुंधरा निवासी ऋचा (32) पत्नी आदित्य का शव घर के अंदर कुंडे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के समय परिजन घर से बाहर थे।
महिला के सीगनपुर स्थित मायके से परिजन पहुंच गए। मायके और ससुराल पक्ष के लोगों के बीच नोकझोंक हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतका का पति पूर्व प्रधान रनवीर सिंह का छोटा भाई है। वह ट्रैक्टर चलाता है और बड़े भाई से अलग मकान में रहता है। मृतका की शादी लगभग 10 वर्ष पहले हुई थी। मायके पक्ष ने प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।