बिधूना। मौसम के बदलाव के बाद बुखार के मरीज लगातार बढ़ रहे है। बिधूना के बंथरा की रहने वाली एक महिला की जांच रिपोर्ट इटावा से कराने पर डेंगू संक्रमित बताई गई। इसकी जानकारी पर स्वास्थ्य टीम गांव पहुंची। गांव में कई लोग बुखार से पीड़ित मिले। टीम ने छह संदिग्ध लोगों का एलाइजा जांच के लिए सैंपल लिया।
इटावा में मंगलवार शाम को बंथरा निवासी एक महिला की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। इसपर इटावा स्वास्थ्य विभाग ने औरैया सीएमओ को इसकी जानकारी दी। जानकारी मिलने पर सक्रिय हुईं स्वास्थ्य विभाग की टीम सीएचसी अधीक्षक बिधूना अभिचल पांडेय के नेतृत्व में बुधवार को बंथरा पहुंच गई। जहां टीम ने सबसे पहले महिला के घर पहुंची। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संदिग्धता के आधार पर महिला के परिवार के छह सदस्यों की किट से डेंगू जांच की। जिसमें सभी निगेटिव मिले।
टीम ने मंगलवार को सदर विधायक गुड़िया कठेरिया के गांव भर्रापुर में भी लार्वा की खोज की थी। जहां टीम को गांव में कई लोग बीमार मिले। सीएचसी अधीक्षक बिधूना अभिचल पांडेय ने बताया कि डेंगू संक्रमित मिली महिला इटावा में रहती है। इसके बाद भी टीम ने गांव से सैंपल लिए हैं। जो लोग बुखार से पीड़ित थे, उन्हें दवाइयां दी गई है। जिन गांव में लोगों के बीमार होने की जानकारी मिल रही हैं वहां टीम भेज कर जांच कराई जा रही है। इसके साथ ही फागिंग कराई जा रही है।