अटसू। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के आलमगीरपुर में प्रधानमंत्री आवास का छज्जा गिरने से महिला की मलबे में दबकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
आलमगीरपुर में निवासी स्व. दिवारीलाल की पत्नी गुड्डी देवी (47) शुक्रवार दोपहर एक बजे के करीब खाना बना रही थी। घर पर बड़ा बेटा सोनू (22), छोटा बेटा मोनू (10) व बेटी रचना (10) थे। इसी बीच अचानक से मकान का छज्जा महिला के ऊपर आ गिरा। मलबे में दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्चों ने शोर मचाया तो पड़ोसी दौड़ कर पहुंचे औ उसे मलबे से बाहर निकाल कर सीएचसी अजीतमल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बड़े बेटे सोनू ने बताया कि पिता की दो वर्ष पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। मां व उसके ऊपर घर की जिम्मेदारी थी। कोतवाली प्रभारी नीरज यादव ने बताया कि हादसे की जानकारी पर पुलिस मौके पर भी गई। अस्पताल से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
मकान की गुणवत्ता पर उठे सवाल
डेढ़ वर्ष पहले गुड्डी को शहरी आवास योजना के तहत मकान दिया गया ता। मकान के आगे बने छज्जे में एक भी सरिया नहीं निकली। इसको लेकर लोग मकान की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करने लगे। चर्चा रही कि छज्जे में सरिया होती और मजबूत बना होता तो शायद छज्जा न गिरता।