सहार। थाना क्षेत्र के गांव गपचरियापुर में रविवार दोपहर एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। सूचना पर मायके पक्ष से पहुंचे मृतका के भाई ने बहन की मौत को लेकर हंगामा काटा।
शव की पहचान गांव गपचरियापुर निवासी शीला पत्नी अजय (27) के रूप में की गई। शीला के भाई अछल्दा थाना क्षेत्र के गांव तुर्कपुर निवासी संजीव कुमार ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि 23 फरवरी 2014 को उसने बहन शीला की शादी गपचरियापुर निवासी अजय से कराई थी। रविवार दोपहर एक बजे अजय ने मोबाइल फोन से सूचना दी कि शीला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।
विज्ञापन
गपचरियापुर पहुंचने पर शीला का शव कमरे के बाहर रखा मिला। मृतका के भाई संजीव ने बताया कि उसकी ससुराल वाले आए दिन बहन को प्रताड़ित करते रहते थे। उसने बहन के ससुरालीजनों पर उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। उधर मौके पर पहुंची पुलिस के समझाने पर भाई संजीव ने बहन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने को तहरीर दी।
सहार थानाध्यक्ष कालीचरन ने बताया मायके पक्ष की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जिसके बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। बताया कि दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास चल रहा है। पीड़ित पक्ष का जो निर्णय होगा उसी अनुसार से आगे की कार्रवाई की जाएगी।