दिबियापुर। दहेज के लिए एक महिला को ससुरालियों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। जब माता पिता और दो भाई मिलने पहुंचे तो ससुरालियों ने 20 अज्ञात लोगों के साथ मिलकर मारपीट की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने छह नामजद एवं 20 अज्ञात समेत 26 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कराई है।
दिबियापुर थाना क्षेत्र के कंचौसी (हाल पता नहर बाजार अछल्दा) निवासी आकांक्षा पत्नी कुलदीप कुमार ने थाने में तहरीर दी। बताया कि 16 अप्रैल 2017 को कुलदीप कुमार पुत्र धर्मपाल सिंह के साथ शादी हुई थी। शादी के बाद पति, ससुर धर्मपाल सिंह, सास विजयकांती, ननद अंजू, नीरज एवं भांजा अमन दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित कर मारपीट करते चले आ रहे हैं। आरोप लगाया कि इसी बात को लेकर 20 जुलाई को ससुरालियों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया।
जानकारी पर माता, पिता व भाई समझाने पहुंचे थे। आरोप लगाया ससुलारियों ने 20 अज्ञात लोगों के साथ मिलकर परिवार के लोगों के साथ मारपीट की। दिबियापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार शर्मा का कहना है कि मामले में तहरीर के आधार पर नामजद समेत 26 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।