औरैया। फफूंद कस्बे में वर्षों से दो पानी की टंकियों व तीन नलकूपों के जरिए पानी की सप्लाई दी जाती रही है। अब कस्बा की बढ़ी रिहायशी बस्ती को देखते हुए कार्यदायी संस्था जल निगम ने 19.51 करोड़ रुपये के बजट से एक पानी की टंकी समेत पाइप लाइन बिछाने की रूपरेखा तैयार की है। जमीन को चिह्नित करते हुए टंकी व ट्यूबवेल बनाने को लेकर शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।
शासन स्तर से मिले इस बजट से 900 किलो लीटर की पानी की टंकी बनाई जाएगी। इसके साथ ही चार ट्यूबवेल बढ़ी बस्तियों के लिए बनाए जाएंगे। बनाए गए डीपीआर के तहत 40 किमी तक पानी की पाइप लाइन बिछाई जाएगी। चार हजार घरों को नल का कनेक्शन दिया जाएगा। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि 15 हजार से ज्यादा की आबादी को बेहतर जलापूर्ति की सहूलियत मिलेगी। फिलहाल 33 हजार की आबादी फफूंद नगर पंचायत परिक्षेत्र में रह रही है।
इस कार्य योजना को धरातल पर उतारने के लिए नगर पंचायत व जल निगम के इंजीनियरों की टीम ने स्थलीय निरीक्षण शुरू कराए हैं। बनाए गए डीपीआर के तहत पानी की टंकी व ट्यूबवेल के लिए जगहों को चिह्नित किया जा रहा है। कार्यदायी संस्था जल निगम की ओर से शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। जिसकी संस्तुति मिलने की देरी है। अधिकारियों की माने तो बजट मिलते ही एक साल के अंदर काम पूरा कर लिया जाएगा।
कस्बे के पांच मोहल्लों में तेजी से बढ़ी आबादी
फफूंद कस्बा में पिछले पांच सालों में तेजी से रिहायशी बस्ती बढ़ी है। इस कड़ी में शहर की नई बस्ती चमनगंज, महावीर नगर, बाबा का पुर्वा, बाबरपुर रोड व पाता बाईपास पर सड़क किनारे मकानों की संख्या तेजी से बढ़ी है। यहां फिलहाल लोग स्वयं के सबमर्सिबल के सहारे पानी जुटा रहे हैं। कुछ जगहों पर पाइप लाइन भी डाली गई है।
अभी तक दो टंकी और तीन नलकूप के सहारे जलापूर्ति
फफूंद कस्बा में जलापूर्ति को लेकर दो पानी की टंकियाें के जरिए पेयजलापूर्ति दी जाती है। मोहल्ला भराव व नुमाइश मैदान से सप्लाई दी जाती है। तीन नलकूप इस व्यवस्था में संचालित हैं। अब बढ़ी बस्ती के लिए नई पानी की टंकी से व्यवस्थाएं और दुरुस्त होंगी।
वर्जन
19.51 करोड़ रुपये की धनराशि का इस्टीमेट बनाकर फफूंद नगर पंचायत में एक पानी की टंकी व पाइप लाइन समेत दो चार नलकूप बनाए जाने हैं। जिसका प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। 40 किमी पाइप लाइन बिछाते हुए चार हजार घरों को कनेक्शन देने की तैयारी है। जल्द ही प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही काम शुरू कराया जाएगा।-विमल कुमार, एई जल निगम
जल निगम की ओर से शासन को भेजे गए इस प्रस्ताव के तहत काम हो जाने से कस्बे की काफी कुछ जलापूर्ति बेहतर हो जाएगी। शहर की जलापूर्ति के लिए यह प्रस्ताव मील का पत्थर साबित होगा।- मो. अनवर कुरैशी, फफूंद नगर पंचायत अध्यक्ष