औरैया। पिछले कई दिनों से यमुना का जल स्तर कम हो रहा था। गुरुवार शाम से अचानक से जल स्तर बढ़ने लगा है। केंद्रीय जल आयोग की टीम ने बताया कि चंबल का पानी यमुना में आने लगा है। इससे पानी ने बढ़त बनाई है। शुक्रवार शाम को 104.71 मीटर पर जल स्तर दर्ज किया गया। इधर पानी बढ़ने की जानकारी पर बाढ़ प्रभावित गांव के लोगों में दहशत बढ़ने लगी है।
दिल्ली में बाढ़ का पानी चंबल में छोड़ा गया है। जो अब धीरे धीरे यमुना में पहुंच रहा है। इसी कारण से यमुना का जल स्तर बढ़ना शुरू हुआ है। शुक्रवार को शाम से पानी बढ़ना शुरू हुआ है। केंद्रीय जल आयोग की टीम भी पानी बढ़ने को लेकर पल पल नजर बनाए हुए है। साथ ही जिला प्रशासन को रिपोर्ट दे रही है। वहीं दो दिन बाद तेज बारिश के आसार भी बताए जा रहे हैं। इन हालातों में यदि पानी बढ़ा तो बाढ़ प्रभावित गांव के लोगों के सामने संकट होगा। इसी को लेकर बाढ़ प्रभावित गांव के लोग भी दहशत में फिर से नजर आने लगे हैं।
जुलाई के पहले सप्ताह में यमुना का जल स्तर बढ़ना शुरू हुआ था। मगर बीच में कम होने लगा। शुक्रवार को पानी बढ़ने से शेरगढ़ घाट स्थित स्नानागार पानी में डूब गया है। इसको लेकर जिला प्रशासन एक बार फिर से अलर्ट मोड पर आ गया है। अभी यमुना नदी में और पानी बढ़ने की संभावना बनी हुई है। एसडीएम सदर अखिलेश कुमार ने बताया कि बाढ़ से निपटने के सभी इंतजाम पर्याप्त है। यमुना के बढ़ते जल स्तर पर नजर रखी जा रही है।