औरैया। जिले को नई जिला योजना समिति मिलेगी। नई जिला योजना समिति के गठन के बाद जिले के विकास का खाका तैयार की प्रक्रिया भी शुरू होगी। इसके लिए जिले में 25 जून को चुनाव होगा। जिला प्रशासन ने अधिसूचना जारी कर दी है। जिला योजना समिति में कुल 25 सदस्य होंगे। जिले में कुल तीन सदस्यों के लिए चुनाव कराया जाएगा।
जिला योजना जिले के विकास कार्यों की रुपरेखा होती है। जिला योजना की बैठक में विधानसभा, लोकसभा, जिला पंचायत, नगर निकायों का प्रतिनिधित्व होता है। इस बैठक में जिले के विकास का खाका तैयार किया जाता है। लेकिन जब भी जिला पंचायत व नगर निकायों का चुनाव होता है, इसके सदस्यों में बदलाव होता है। इसके लिए निर्धारित सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया अपनाई जाती है। हाल ही में नगर निकाय के चुनाव होने के कारण अब जिले में जिला योजना समिति के गठन को लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कुल तीन सदस्यों का चुनाव होना है। जो नगर निकायों के कुल 104 सदस्यों में चुने जाएंगे। चुने जाने वाले तीन सदस्यों में एक अनुसूचित जाति महिला, एक पिछड़ा वर्ग महिला व एक सामान्य महिला सदस्य होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा प्रकाश ने बताया कि 25 जून को मतदान व मतगणना होगी। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रत्येक उम्मीदवार एक से अधिक लेकिन अधिकतम तीन प्रतियों में नामांकन प्रस्तुत कर सकता है। एक व्यक्ति केवल एक वर्ग के लिए नामांकन प्रस्तुत कर सकता है। एक से अधिक वर्ग के लिए नामांकन प्रस्तुत करने पर सभी नामांकन पत्र अवैध समझे जाएंगे। नगरीय निकाय का कोई निर्वाचित सदस्य आरक्षित स्थान से निर्वाचन लड़ना चाहता है तो उसे नामांकन पत्र के साथ अधिशाषी अधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र की प्रमाणित प्रति प्रस्तुत करना होगी।