औरैया। बारिश में बच्चे, युवा व बुजुर्ग सभी वर्ग के लोगों की आंखों में संक्रमण की समस्या आ रही है। बीते कुछ दिनों में दिनों मरीजों में इफेक्टिव कंजक्टिवाइटिस और एलर्जी कंजक्टिवाइटिस की समस्या देखने को मिल रही हैं।
शहर के 50 शैया व 100 शैया जिला अस्पताल में नेत्र विभाग की ओपीडी में प्रतिदिन 100 से 150 मरीज पहुंच रहे हैं। जिनमें 40 से 50 मरीज आंखों के संक्रमण से परेशान होकर पहुंच रहे हैं। इनमें बच्चे, युवा, बुजुर्ग व महिलाएं सभी शामिल हैं। 50 शैया जिला अस्पताल के नेत्र परीक्षण अधिकारी नरेश राजपूत ने बताया कि इफेक्टिव कंजक्टिवाइटिस में लोगों की आंख आ जाती है।
आंखों में गीलापन और कीचड़ रहता है। इसके अलावा एलर्जी कंजक्टिवाइटिस में मरीज की आंखों में खुजली, लालनप और सुबह सोकर उठने पर दोनों पलकें चिपकी होती हैं। वहीं, ज्यादा समय तक कांटेक्ट लेंस लगाए रखना के कारण भी आंखें लाल हो जाती हैं। पानी में मौजूद बैक्टीरिया आंखों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाते हैं। उन्होंने मरीजों को सात से आठ घंटे तक पर्याप्त नींद लेने के लिए कहा है। जिससे आंखों को काफी आराम मिलता है।
इन बातों का रखें ध्यान
1-आंख आने पर संबंधित व्यक्ति का तौलिया व रुमाल का इस्तेमाल न करे।
2- आंखों को बार-बार बिल्कुल न छुएं।
3- यदि आंखों में हाथ लग जाता है तो तुरंत हाथ धोए।
4- धूप में निकलने पर चश्मा लगाए।
5- बाहर से आने के बाद आंखों को ठंडे पानी से धोएं।
6- डॉक्टरों की सलाह पर ही आई ड्रॉप डाले।
7- आंखों को सही रखने के लिए हरी सब्जियों का सेवन करें।
8- मौसमी फल का सेवन जरूर करें।
9- कम से कम सात से आठ घंटे की नींद जरूर लें।
10- आंखों में नमी रखने के लिए पानी अधिक पीएं।