फफूंद। भाग्यनगर ब्लाक की ग्राम पंचायत उसरारी और गौरी गंगा प्रसाद में छुट्टा मवेशियों के झुंड से परेशान आक्रोशित छह गांव के किसानों ने छुट्टा पशुओं को घेरकर पकड़ लिया और उन्हें पानी टंकी में बनी बाउंड्री में बंद कर दिया।
भाग्यनगर ब्लाक की ग्राम पंचायत उसरारी और गौरी गंगा प्रसाद के छह से अधिक गांव के किसान छुट्टा मवेशियों के द्वारा फसलों के नुकसान से परेशान हो उठे थे। रविवार भोर दोनों पंचायतों के छह गांव के सौ से अधिक किसानों ने छुट्टा गोवंशों को घेर लिया और उन्हें लाकर पानी की टंकी स्थल पर बनी बाउंड्री के अंदर बंद कर दिया।
जानकारी पर उसरारी ग्राम प्रधान संत कुमार नायक और गौरी गंगा प्रसाद के ग्राम प्रधान पुत्र आलोक और पूर्व प्रधान रघुवीर सिंह मौके पर पहुंच गए। किसानों से बातचीत की। किसान राजकुमार, राधे नायक, भोलू कुशवाह, बाबू सिंह, भारत सिंह, जगरूप सिंह, कुलदीप, फुन्नू, पिंटू राठौड़, महेंद्र नायक, मनोज नायक, दीपू कुशवाह, संजय, नितिन यादव ने प्रधानों को बताया कि क्षेत्र में 200 से अधिक गोवंश के झुंड की शक्ल में खुला घूम रहे हैं। जो धान, बाजरा, मक्का, चरी की फसलों को खाकर भारी नुकसान कर रहे हैं।
गोवंशों को बंद करने की सूचना पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी भानु प्रताप सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी भगवान सिंह, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिरुद्ध सिंह भी वहां पहुंच गए। किसानों से बात की और मवेशियों को गोशाला भेजने का आश्वासन दिया, लेकिन किसानों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। बाद में ग्राम प्रधान उसरारी संत कुमार नायक और गौरी गंगा प्रसाद ग्राम प्रधान पुत्र आलोक कुमार ने व्यवस्था करके गोवंशों को नियामतपुर, सोंधेमऊ, सेहुद, औरैया और अन्य गोशालाओं में भिजवाया। जिसके बाद किसानों का गुस्सा शांत हुआ।