अछल्दा। क्षेत्र के मानिकपुर गांव में गुरुवार की देर रात चोरों ने एक किसान के घर से अलमारी का ताला तोड़कर करीब पांच लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए। पुलिस ने किसान समेत आसपास के लोगों से पूछताछ कर जांच पड़ताल की।
मानिकपुर गांव निवासी सत्यनारायण की पत्नी सोनी ने शुक्रवार सुबह अछल्दा थाने में तहरीर दी। बताया कि घर के बरामदे में टिनशेड के नीचे पति व बच्चों के साथ सो रही थी। कमरे की चाबी तकिये के नीचे रखी थी। देर रात चोर घर में घुस आए और कमरे का ताला तोड़कर अंदर गए। वहां पर रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमे रखे झाले, बाला, टॉप्स, जंजीर, मंगलसूत्र, हार, अंगूठी, चांदी करधनी समेत करीब पांच लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए। शुक्रवार सुबह जब वह सोकर उठी तो कमरे की चाबी उसके तकिये के नीचे रखी थी जबकि कमरे का ताला टूटा व अंदर सामान बिखरा पड़ा था। यह जानकारी महिला ने परिजनों व पुलिस को दी। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि चोरी की तहरीर लेकर मामले की जांच की जा रही है।