बिधूना। कोतवाली क्षेत्र के बांधमऊ और बेला थाना क्षेत्र के रायपुर गांव के प्राथमिक स्कूल पास हुए हादसे में मां व बेटा समेत पांच लोग घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
कन्नौज जिले के इंदरगढ़ क्षेत्र के मदारीपुर निवासी सचिन, पत्नी अर्चना और रिश्तेदार लुखरदौरा निवासी पूरन के साथ छह माह के बेटे आदर्श की दवा लेने बाइक से जा रहे थे। शनिवार को बिधूना-बेला मार्ग पर बांधमऊ के पास सड़क पर अचानक मवेशी के आ जाने पर उससे टकरा गए। हादसे में बच्चे समेत चारों घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को बिधूना सीएचसी में भर्ती कराया। वहां पर मां, बेटे व रिश्तेदार को डॉक्टर ने सैफई रेफर कर दिया। वही, बेला थाना क्षेत्र के रायपुर गांव के प्रथमिक स्कूल के पास दो बाइकों में भिड़ंत हो गई। हादसे में रायपुर निवासी विष्णु घायल हो गए। जबकि दूसरा बाइक सवार मौके से भाग निकला। बेला थानाध्यक्ष प्रभात कुमार ने बताया कि सड़क हादसों के संबंध में अभी कोई जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।