संवाद न्यूज एजेंसी
बिधूना। कोतवाली क्षेत्र के बिधूना-चकरपुर मार्ग पर साइकिल सवार वृद्ध को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार घायल कर दिया। सीएचसी ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक सहार से एक तेरहवीं संस्कार में शामिल होकर घर लौट रहा था।
भगवानपुरा निवासी लज्जाराम (60) बुधवार को सहार थाना क्षेत्र के गांव बहादुरपुर में रिश्तेदार के यहां तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। जहां से शाम के समय वह साइकिल से वापस घर लौट रहे थे। बिधूना चकरपुर मार्ग पर बरमदेव मंदिर के पास पीछे से तेज रफ्तार वाहन ने साइकिल में टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों ने वृद्ध को खून से लथपथ देख पुलिस को सूचना दी। जेब में मिले आधार कार्ड से पहचान करते हुए पुलिस ने परिजन को सूचना दी। सीएचसी बिधूना ले जाने पर डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर लज्जाराम के पुत्र मनप्रीत व विशाल समेत उनका भाई दयाराम अस्पताल पहुंचा। बिधूना कोतवाली के अपराध निरीक्षक श्रीकेश भारती ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।