फोटो-19एयूआरपी-39- सब्जी विक्रेता की मौत पर रोते बिलखते परिजन। संवाद
- फोटो : AURAIYA
अजीतमल। मुरादगंज बाजार से सब्जी बेचकर घर लौट रहे मोपेड सवार 50 वर्षीय सब्जी विक्रेता को अज्ञात वाहन ने हाईवे पर टक्कर मार दी। हादसे में सब्जी विक्रेता की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची अजीतमल कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की है।
अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के चिटकापुर निवासी सब्जी विक्रेता गौरी शंकर (50) बाजारों में सब्जी बेचकर परिवार का भरण पोषण करते थे। सोमवार को वह मुरादगंज बाजार में सब्जी बेचने के लिए आए थे। देर रात आठ बजे के करीब वह बाजार से बिक्री कर वापस मोपेड से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह लालपुर ओवर ब्रिज के पास पहुंचा तभी किसी अज्ञात वाहन ने मोपेड में टक्कर मार दी।
हादसे में बुरी तरह से घायल गौरी शंकर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलते ही मृतक की पत्नी पुष्पा देवी, पुत्र संजीव व राजीव जा पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। प्रभारी निरीक्षक नीरज यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।