दिबियापुर। गांव पुर्वा समाधान निवासी युवक ने सोमवार देर रात शराब पीकर घर लौटे युवक की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल चिचौली अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने चिंता जनक हालत देख युवक को सैफई रेफर कर दिया। जहां रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक के जहरीला पदार्थ निगलने की भी चर्चा है। मृतक की मां ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।
मंगलवार देर रात तकरीबन 10 बजे गांव पुर्वा समाधान निवासी अजब सिंह (29) पुत्र स्व. प्रमोद कुमार शराब पीकर घर लौटा। जहां घर पहुंचते ही अजब सिंह की हालत बिगड़नी शुरू हो गई। इस पर घर में मौजूद मां पुष्पा देवी को जानकारी हुई, तो वह पड़ोसियों की मदद से अजब सिंह को चिचौली अस्पताल लेकर पहुंची। जहां से गंभीर अवस्था में डॉक्टर ने उसे सैफई रेफर कर दिया। परिजन उसे सैफई ले जा रहे थे। तभी अजीतमल में अजब सिंह की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सीएचसी अजीतमल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सक ने अजब सिंह को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची। जहां परिजनों की ओर से पोस्टमार्टम कराने से इन्कार करने पर पुलिस ने शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। ग्रामीण बताते हैं कि सप्ताह भर पहले ही आपसी विवाद के बाद जालौन निवासी पत्नी चांदनी अपने दो बच्चों के साथ मायके चली गई थी। गांव में अजब सिंह के कोई जहरीला पदार्थ निगलने की भी चर्चा रही।