कलक्ट्रेट में उद्योग बंधु की बैठक लेते जिलाधिकारी। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। उद्योग बंधु की बैठक में जिलाधिकारी लापरवाह अफसरों पर नाराज दिखे। उद्यमियों को सहूलियत न मिलने पर यूपीसीडा के अधिकारियों से नाराजगी जताई। निर्देश दिए कि उद्यमियों के साथ बैठक कर जल्द समस्याओं का निराकरण कराएं। वहीं, अग्निशमन विभाग को संस्थानों में अग्नि सुरक्षा के मानक पूरा कराने के निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट सभागार में डीएम प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव ने जिला उद्योग बंधु की बैठक ली। 10 से 12 फरवरी तक लखनऊ में होने वाली इन्वेस्टर्स समिट की समीक्षा की। उपायुक्त उद्योग उत्कर्ष चंद्र ने बताया कि अब तक जिले में 124 उद्यमियों के 1900 करोड़ के एमओयू साइन हुए हैं।
बताया कि यूपीसीडा के अधिकारियों द्वारा प्लास्टिक सिटी के विकास पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिससे उद्यमी अधिक निवेश करने पर रुचि नहीं ले रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। बैठक में मौजूद यूपीसीडा कानपुर के डॉ. जयंत प्रसाद सिंह एवं संदीप कुमार से प्लास्टिक सिटी लखनपुर दिबियापुर के आवंटियों के साथ बैठक के बारे में पूछा गया तो वह संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके।
उन्होंने नाराजगी जताकर निर्देश दिया कि जल्द उद्यमियों के साथ बैठक कर समस्याओं का निराकरण कराएं। वहीं, उद्यमियों ने भी यूपीसीडा के अधिकारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। फिर डीएम ने ओडीओपी वित्त पोषण सहायता योजना की समीक्षा की। उन्होंने अग्रणी जिला प्रबंधक एवं समस्त समन्वयकों/ जिला शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिए कि ऋण स्वीकृति की पत्रावलियों का जल्द निस्तारण करें। बैठक में सीडीओ अनिल कुमार सिंह के अलावा जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।