बैसोली समिति पर खाद के लिए इंतजार करते किसान। संवाद
- फोटो : AURAIYA
अछल्दा। सरकार के सख्त निर्देशों के बाद भी समितियों से किसानों को समय से खाद नहीं मिल पा रही है। मंगलवार को अछल्दा के बैसोली व वंसी सहकारी समिति पर सुबह से किसान लाइन लगाए रहे। समिति के न खुलने पर किसानों ने हंगामा किया। किसी जिम्मेदार के न पहुंचने पर चार घंटे बाद मायूस होकर लौट गए।
अछल्दा ब्लॉक बैसोली व वंसी सहकारी समिति पर पर्याप्त मात्रा में डीएपी खाद का स्टाक होने के बावजूद भी किसानों को चार दिनों से खाद नहीं मिल रही है। बैसोली समिति के सचिव संतोष कुमार मंगलवार सुबह आठ बजे संघ पर पहुंचे। किसानों की भीड़ देखने के बाद कुछ देर समिति पर रुके और बिना किसानों को खाद बांटे हुए लौट गए।
किसानों ने बताया कि सचिव ने मंगलवार सुबह ब्लैक में खाद बेचने के बाद किसानों के पहुंचते ही ताला बंद कर दिया। किसानों को मायूस होकर खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
वंसी सहकारी समिति पर कर्मचारी चार दिनों से किसानों को खाद न होने की बात कह टरका देते है। मंगलवार को भी कर्मचारियों ने किसानों का खाद वितरित नहीं की गई। समय से खाद न मिलने से किसानों की लाही, गेहूं समेत अन्य फसलें पिछड़ती जा रहीं हैं। इससे उन्हें प्रतिवर्ष होने वाली पैदावार की अपेक्षा कमी आएगी।
वंसी समिति पर चार दिनों से खाद न दिए जाने की जानकारी संज्ञान में आई है। मौके पर निरीक्षण कर कार्रवाई के साथ किसानों को खाद वितरित कराई जाएगी- कमलकांत मिश्रा, सहायक निबंधक सहकारिता