औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को सुबह घने कोहरे के कारण चार अलग-अलग मार्ग दुर्घटनाओं में पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को 50 शैया युक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने सभी को सैफई रेफर कर दिया।
मिहौली स्थित बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह लगभग चार बजे उरई की ओर जा रहा ट्रक आगे जा रहे डंपर के चालक के अचानक से ब्रेक लगाने से पीछे से जा घुसा। इससे ट्रक चालक अमेठी निवासी मोहम्मद इमरान व क्लीनर अमन बुरी तरह घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, दूसरी घटना भी एक्सप्रेसवे पर सुबह लगभग आठ बजे हुई। मैनपुरी के किशनी निवासी ट्रक चालक हिमांशु घायल हो गया। वे इटावा से उरई की तरफ जा रहा था। मिहौली के पास कोहरा होने के कारण पहले से सड़क पर खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसा। हादसे में ट्रक में सवार भाई बलराम ने पुलिस को सूचना दी।
तीसरी घटना इंडियन ऑयल चौकी क्षेत्र में जैतापुर गांव के सामने हाईवे पर हुई। जहां दिबियापुर क्षेत्र के बिरिया निवासी चंदन व जयपाल बाइक से कानपुर जाते समय सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची इंडियन ऑयल चौकी पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
फफूंद रोड पर घना कोहरा होने के कारण एक कार पुलिया से टकरा कर नहर में लटक गई। कार सवार लोग दिल्ली से फफूंद आ रहे थे। कार में छह लोग सवार थे, सभी बाल-बाल बच गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह कोहरा होने के कारण मार्ग दुर्घटनाएं हुई हैं। घायलों को सैफई रेफर कर दिया गया है। बुंदेलखंड एक्सप्रेस पर बीच में खड़े क्षतिग्रस्त ट्रकों को क्रेन से हटवाकर किनारे खड़ा करा दिया गया है।