औरैया। ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र स्थित आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह एक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
कानपुर नगर स्थित बिल्हौर थाना क्षेत्र के शेरपुर निवासी आकाश (24) पुत्र छोटेलाल अपने पारिवारिक भतीजे अभिषेक के साथ हरियाणा के मानेसर में निजी कंपनी में सिलाई का कार्य करते थे। बाइक से घर आने के दौरान सोमवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर नगला दास गांव के सामने सुबह साढ़े आठ बजे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। जिसमें आकाश की मौके पर मौत हो गई, जबकि अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस व एक्सप्रेसवे पेट्रोलिंग टीम के जवानों ने घायल को गंभीर हालत में सैफई भर्ती करवाया। मृतक के जेब में मिले मोबाइल व आधार कार्ड से पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिजनों को जानकारी दी। आकाश की मौत पर परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। मृतक के भतीजे मोहित ने बताया कि दोनों से रविवार शाम को फोन से बात हुई थी। इसपर दोनों ने बाइक से घर आने की बात कही थी। थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र ने बताया कि परिजनों के आने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।