संवाद न्यूज एजेंसी
एरवाकटरा। कस्बा के एरवाकुईली में थाना से कुछ कदम की दूरी पर बिधूना रोड पर स्थित कीमती सरकारी भूमि पर हो रहे कब्जे की शिकायत पर उपजिलाधिकारी बिधूना के आदेश पर सोमवार को राजस्व टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची। पैमाइश के बाद लोगों को कब्जा हटाने का अल्टीमेटम दिया गया।
राजस्व निरीक्षक सुमित नरायन ने टीम के साथ जमीन की पैमाइश की। सरकारी खाद के गड्ढों पर मिट्टी डालकर कब्जा कर रहे लोगों को चिह्नित किया गया। राजस्व निरीक्षक सुमित नारायन ने बताया कि सरकारी खाद के गड्ढों पर मिट्टी डालकर कब्जा करने की शिकायत उपजिलाधिकारी से की गई थी। इस पर संज्ञान लेकर एसडीएम के आदेश पर राजस्व टीम जमीन को कब्जा मुक्त कराने आई है।
पैमाइश के बाद कब्जाधारियों को दो दिन में मिट्टी हटाने और जगह पर रखे खोखे हटाने का अल्टीमेटम दिया गया। मकान बनाकर कब्जा किए कब्जेदारों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई। कुछ देर हिदायत देने के बाद टीम वापस लौट गई।