संवाद न्यूज एजेंसी
अजीतमल। अटसू कस्बा स्थित बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर हुई टप्पेबाजी मामले में पुलिस को सफलता मिली है। दोनों टप्पेबाज जालौन जनपद निवासी सगे भाई निकले हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेजा है।
19 फरवरी को अटसू कस्बा स्थित शैलेंद्र पाल की बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर मौरंग खरीदने आए युवकों ने गोलक से नकदी पार कर दी थी। मौरंग देखने को लेकर एक आरोपी ने ग्राहक बनकर शैलेंद्र पाल को उलझाया, तो दूसरे ने वारदात कर दी थी। पूरे मामले में पुलिस के हाथ लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की निशानदेही की।
बुधवार तड़के गश्त के दौरान पुलिस टीम ने जैनपुर गांव के पास एकलव्य पार्क की ओर बंबा किनारे खड़े दो लोगों को घेरेबंदी करते हुए धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में जालौन जनपद के थाना कस्बा उरई के मोहल्ला गांधी नगर निवासी राहुल सिंह व मुकुल सिंह के रूप में पहचान की। पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अटसू कस्बा में शैलेंद्र की दुकान पर हुई टप्पेबाजी की घटना को कुबूल किया।
वारदात में प्रयोग की गई बिना नंबर की बाइक को कब्जे में लेकर सीज किया गया है। आरोपियों के पास से एक-एक तमंचा और गोलक से लूटी गई नकदी में से 60 हजार रुपये बरामद हुए हैं। इसके साथ ही पेचकस भी बरामद हुआ है। मामले में पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने खुलासा भी किया है। पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने बताया कि टप्पेबाजी करने वाले दोनों आरोपी सगे भाई है। दोनों को न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेजा गया है।