औरैया। नगर पालिका परिषद के नलकूप संचालन में मनमानी के चलते नगर की पेयजल व्यवस्था बेपटरी है। तमाम निर्देशों के बाद भी ऑपरेटर समय से ड्यूटी नहीं दे रहे हैं। मंगलवार रात की गई चेकिंग में दो ऑपरेटर नदारत मिले, जबकि दो सोते मिले। ईओ ने सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है।
शहर में नगर पालिका परिषद की ओर से स्थापित 32 नलकूपों में चार नलकूप पहले से ही खराब पड़े हुए हैं। ऐसे में कुल 28 नलकूपों के माध्यम से शहर की डेढ़ लाख की आबादी को पेयजल मुहैया कराया जाता है। इधर, नगर निकाय चुनाव के दौरान पंप कर्मचारियों द्वारा पंप संचालन में पूरी कोताही बरती गई। जिसके कारण शहर के लोगों के सामने आए दिन पेयजल की गंभीर समस्या खड़ी हो गई। लगातार फुंक रही मोटर व खराब हो रहे नलकूप को लेकर अधिशासी अधिकारी ने कड़े निर्देश के साथ ही कई बार बैठक कर समय से पंप संचालन में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इसके बाद भी सुधार नहीं हो रहा था। इस पर मंगलवार को ही हरीकत जांचने के लिए दो सदस्यीय टीम गठित की गई। टीम ने रात में कई पंपों पर पहुंच कर निरीक्षण किया। टीम को आवास विकास व पढ़ीन दरवाजा स्थित नलकूप पर तैनात कर्मचारी नदारत मिले। जबकि तिलक नगर व फफूंद चुंगी के पास स्थित नलकूप पर तैनात कर्मचारी सोते मिले। इस संबंध में टीम के जलकल प्रभारी रामआसरे गुप्ता ने बताया कि निरीक्षण रिपोर्ट अधिशासी अधिकारी को सौंप दी गई है। अब अधिशासी अधिकारी की ओर से इस पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।