बिधूना। क्षेत्र में चिकन पॉक्स के मरीज मिलने का सिलसिला कम नहीं हो रहा है। शुक्रवार को ओपीडी में पहुंचे दो मरीजों में चिकन पॉक्स के लक्षण पाए गए। जिस पर डॉक्टरों ने इलाज कर उन्हें आइसोलेशन में रहने की सलाह दी। वहीं, गांव पहुंचकर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अन्य बीमार मरीजों की जांच की है।
शुक्रवार सीएचसी की ओपीडी में ब्लॉक क्षेत्र के विमटामऊ से इलाज कराने पहुंचे जितेंद्र कुमार व सरोजनी देवी में चिकन पॉक्स के लक्षण मिले। डॉक्टर ने उनका इलाज किया और घर पर अलग रहने की सलाह दी। जिससे किसी अन्य को बीमारी न हो। इसके साथ ही अस्पताल में बुखार, खुजली से आने वाले मरीजों की बारीकी से जांच कर चिकन पॉक्स के लक्षण जांचे गए।
ओपीडी में इलाज कर रहे डॉ. मनीष त्रिपाठी ने बताया कि मौसम में बदलाव हुआ है। यह बीमारी एक दूसरे में तेजी से फैलती है। इस लिए दोनों मरीजों को दवाइयां देने के साथ अलग रहने की सलाह दी गई है। वहीं दो मरीज मिलने की जानकारी पर अधीक्षक डॉ. वीपी शाक्य ने विमटामऊ में एक टीम भेज कर अन्य मरीजों की जांच कराई। गांव में कुछ लोग बुखार से पीड़ित मिले।
बता दें कि पिछले सप्ताह गुलरियापुर व पुसौली, उत्तमापुर भड़रिया में चिकन पॉक्स से ग्रसित 40 से अधिक मरीज मिले थे। इसके बाद से लगातार स्वास्थ्य विभाग ओपीडी में आने वाले मरीजों की बारीकी से जांच कर लक्षण जांच रहा है।