दिबियापुर। गांव अबाबर में एक प्लॉट को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। मारपीट में एक पक्ष की महिला और दूसरे पक्ष का एक युवक घायल हो गए। एक पक्ष की महिला की तरफ से पुलिस ने मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं दूसरे पक्ष के घायल युवक ने भी शिकायती पत्र देकर कार्यवाही की मांग की है।
एक पक्ष के सहायल रोड निवासी विजय कुमार गुप्ता पुत्र रामनरेश ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि पीड़ित ने अबाबर में एक प्लॉट का बैनामा कराया था। इसके बाद पीड़ित ने प्लॉट की नींव व बाउंड्रीवाल बनवाई थी। आरोप लगाया कि गांव अबाबर निवासी तीन लोगों की नियत प्लॉट पर खराब हो गई। वह प्लॉट पर अवैध रूप से कब्जा करना चाहते हैं।
एक फरवरी की रात करीब आठ बजे आरोपी जेसीबी मशीन से प्लॉट की नींव व बाउंड्रीवाल तोड़ने लगे। जब पीड़ित मौके पर पहुंचा तो उसे लाठी डंडों से मारा। जान से मारने की नियत से कुल्हाड़ी मारी। इससे पीड़ित की हथेली और अंगूठा कट गया। इधर, दूसरे पक्ष के अबाबर निवासी संतोष कुमारी पत्नी ओमप्रकाश ने थाने में तहरीर दी है कि एक फरवरी को खेत की नाप होकर कब्जा दे दिया गया था। शाम साढ़े सात बजे गांव अबाबर निवासी विजय कुमार, दिलीप, विष्णु, अजय (पप्पू) गालियां देने लगे। दीवार को तोड़ दिया और ईंटें उखाड़कर फेंक दीं। पीड़िता ने जब मना किया तो आरोपियों ने लात घूसों से मारा। प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि संतोष कुमारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दूसरे पक्ष की तहरीर अभी नहीं मिली है।