हादसे में पति की मौत के बाद रोती-बिलखती पत्नी ममता को ढांढस बंधाते परिजन
- फोटो : AURAIYA
औरैया जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में हाईवे स्थित सांई मंदिर के पास स्थित धर्मकांटा पर खड़े ट्रक पर मौजूद क्लीनर को खाना देकर घर लौट रहे ट्रक मालिक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को 50 शैया युक्त जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शहर के ठठराई मोहल्ला निवासी पप्पू मिश्रा (55) पुत्र शिव मंगल ट्रक मालिक हैं। रविवार देर शाम लगभग सात बजे वह साईं मंदिर के पास स्थित धर्मकांटा पर खड़े ट्रक पर मौजूद क्लीनर आजाद को खाना देने के लिए गए थे। जहां से वह खाना देने के बाद घर को लौट रहे थे। वह जैसे ही गल्ला मंडी के सामने हाईवे पार करने लग, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही पप्पू गंभीर रुप से घायल होकर हाईवे पर गिर गए। उधर से गुजर रहे लोगों ने घायल को देख पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायल को उठाकर तत्काल 50 शैया युक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर घटना की जानकारी क्लीनर ने मृतक के परिजनों को दी। सूचना पर अस्पताल पहुंची पत्नी ममता का रो-रो कर बुरा हाल है। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. प्रियेश कटियार ने बताया कि अस्पताल आने से पहले ही मौत हो चुकी थी। प्रभारी कोतवाल निरीक्षक राकेश शर्मा ने बताया कि अज्ञात वाहन से एक व्यक्ति की मौत की जानकारी मिली है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।