संवाद न्यूज एजेंसी
एरवाकटरा। ब्लाक की ग्राम पंचायत एरवाटिकटा में दुर्गा मंदिर के समीप रखा 25 केवी ट्रांसफार्मर तीन दिन से फुंका पड़ा है। इसे विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के कारण नहीं बदला जा रहा है। इससे 100 से अधिक उपभोक्ताओं के घरों में बिजली बंद है और उन्हें भीषण गर्मी के साथ-साथ अन्य पानी की किल्लत से भी जूझना पड़ रहा है।
गांव एरवाटिकटा के बिजली उपभोक्ताओं को दुर्गा मंदिर के निकट रखे 25 केवी ट्रांसफार्मर के सहारे बिजली आपूर्ति की जाती है। तीन दिनों पहले ट्रांसफार्मर फुंकने की जानकारी उपभोक्ताओं ने विभागीय अधिकारियों को दी थी, लेकिन आज तक अधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। इससे गांव के 100 से अधिक उपभोक्ताओं के घरों की बिजली बंद है और रात के समय गांव अंधेरे में डूब जाता है।
भीषण गर्मी के कारण ग्रामीणों का बुरा हाल है। तो वहीं पीने के पीनी व अन्य दिक्कतों से उपभोक्ताओं को जूझना पड़ रहा है। ग्रामीण उपभोक्ता नरेश बाथम, राकेश बाथम, सुरेश शाक्य, विपिन गुप्ता, रामनरेश यादव, अंबिका प्रसाद, भूपेंद्र शाक्य, एमपी राठौर, विनोद कुमार ने बताया कि गर्मी और मच्छरों के कारण उन्हें रातें जागकर गुजारनी पड़ रही है। यही नहीं मोटर नहीं चलने से पानी भी नहीं मिल पा रहा है। विभागीय अधिकारियों द्वारा उन्हें कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। बताया कि यदि शीघ्र ट्रांसफार्मर न बदला गया तो सभी उपभोक्ता प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
ट्रांसफार्मर बदलने की विभागीय प्रक्रिया अमल में लाई गई है। जल्द ही ट्रांसफार्मर बदल दिया जाएगा।
कुलवंत सिंह, जेई विद्युत उपकेंद्र
ककोर मुख्यालय के पास लगी आग, बाल-बाल बचे सरकारी कार्यालय
फोटो19एयूआरपी 41- पतार में धधकती आग। संवाद
- आधा बीघा गेहूं की फसल जली, धधकती आग अधिकारियों के आवासों तक पहुंची
-एक घंटे की मशक्कत के बाद शाम सात बजे के बाद आग पर पाया जा सका काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
ककोर। जिला मुख्यालय समीप शुक्रवार शाम पांच बजे के करीब अज्ञात कारणों से झाड़ियों में लगी आग ने दहशत फैला दी। लगभग आधा बीघा गेहूं की फसल जल गई। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट के आवास समीप लगे अमरूद का बाग भी जल गया। सरकारी कार्यालयों तक आग पहुंच गई। सूचना पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने बृहद क्षेत्र में फैल चुकी आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम सात बजे के करीब आग बुझ पाई। जिला मुख्यालय समीप लगी आग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संवेदनशील मामला रहा।
जिला मुख्यालय समीप स्थित पावर हाउस के पीछे किन्ही कारणों से आग की लपटें उठने लगी। तेज हवा के साथ आग सटे हुए गेहूं के खेत में लग गई। आधा बीघा गेहूं का खेत जल गया। स्थानीय लोगों ने सबमर्सिबल चलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। लेकिन आग का दायरा तेज हवा के साथ बढ़ता चला गया। जिला मुख्यालय के पावर हाउस से चली आग एडीएम, सीओ के आवास तक जा पहुंची। डीआईओएस आफिस व पुस्तकालय की बाउंड्री तक आग ने सूखी झाड़ियों को जला दिया। लालपुर मौजा के खेत मालिक किसान विजय सिंह, गोविंद, रामगोविंद के खेत में नुकसान हुआ। इस सब के बीच सूचना पर पहुंचे दमकल के तीन वाहन आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे रहे। शाम सात बजे के करीब आग को बुझाया जा सका। आग की घटना में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट के आवास समीप अमरूद का बाग जल गया। हरे पेड़ जल उठे। राहत व बचाव कार्य के लिए दिबियापुर थानाध्यक्ष मुकेश बाबू चौहान व ककोर चौकी इंचार्ज शशिधर त्रिपाठी समेत काफी संख्या में फोर्स जुटा रहा। वहीं सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल दिनेश सेंगर मौके पर पहुंचे। खेतों में नुकसान को लेकर आकलन किया गया। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि आग किन कारणों से लगी है इसकी पुलिस जांच कर रही है। गनीमत यह रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। समय रहते फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह ने बताया कि पतार में अज्ञात कारणों से आग लग गई थी। जिसको समय रहते बुझा लिया गया।
संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर डीएम ने की समीक्षा
ककोर। जिलाधिकारी नेहा प्रकाश की अध्यक्षता में शुक्रवार को संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर समीक्षा बैठक की गई। इस दौरान उन्होंने डीपीआरओ कामिनी गौतम को निर्देश दिए कि संचारी रोगों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम कराए जाएं। फागिंग व नालियों की सफाई कराई जाए। तालाबों की सफाई व मच्छर नाशक दवाएं डाली जाएं। बचाव के प्रत्येक बिंदु पर काम किया जाए। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि आशा घर-घर जा रही हैं। आभा आईडी के जरिए 65000 लोगों को जोड़ा जा चुका है। इस मौके पर सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। संवाद
व्हाट्सएप काॅल से चार दिन में हत्या की मिली धमकी
दिबियापुर। व्हाट्सएप काॅल के माध्यम से धमकाने के मामले में एक युवक ने भीखमपुर दयालपुर निवासी युवक पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सौरभ गुप्ता ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 17 अप्रैल को रात लगभग साढ़े 11 बजे एक धमकी भरी व्हाट्सएप काॅल आई। औरैया के भीखमपुर दयालपुर निवासी शशांक पोरवाल ने धमकी दी कि चार दिन के अंदर सरेआम हत्या कर दूंगा। प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। संवाद
छह लोगों पर लगाया मारपीट का आरोप, रिपोर्ट दर्ज
दिबियापुर। संजय नगर निवासी एक युवक ने छह लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। संजय नगर निवासी प्रिंस द्विवेदी पुत्र स्व. विनोद कुमार द्विवेदी ने तहरीर में आरोप लगाया कि मुहल्ले के ही रितिक पोरवाल, निखिल पोरवाल, पप्पू पोरवाल एवं तीन अज्ञात व्यक्तियों ने पीड़ित के साथ मारपीट की। इस दौरान गले में पड़ा लाकेट गिर गया। प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। संवाद
बिहार के मजदूर के साथ तीन लोगों ने की मारपीट
दिबियापुर। बिहार के पश्चिमी चंपारण में गांव सीतापुर निवासी अनिल शाह ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि वह जनता महाविद्यालय के सामने राजेंद्र नगर में किराए के मकान में रहता है। गेल पाता में मजदूरी के लिए आया है। उपाध्याय नगर निवासी आशीष, ककराही निवासी वैभव कुमार, नेहरू नगर निवासी आलोक ने पीड़ित के साथ बेवजह मारपीट की। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। संवाद